मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा द्वारा प्रस्तुत राजस्थान के बजट को भाजपा जिलाध्यक्ष चंद्रवीर सिंह चौहान ने ऐतिहासिक और सर्वहितकारी बताया। उन्होंने कहा कि यह बजट सभी वर्गों का ध्यान रखते हुए राज्य को प्रगति के पथ पर अग्रसर करने वाला है। बजट में आमजन की बुनियादी आवश्यकताओं से लेकर आधुनिक विकास को प्राथमिकता दी गई है।
चौहान ने कहा, “यह बजट सही मायनों में गरीब, युवा, महिला और किसानों की खुशहाली का बजट है। इसमें गरीब कल्याण, अन्नदाता का उत्थान, मातृशक्ति का सम्मान और युवाओं के लिए सुनहरे अवसर शामिल हैं।” उन्होंने यह भी कहा कि इस बजट में रामराज्य की परिकल्पना झलकती है और मातृशक्ति के सशक्तिकरण को विशेष स्थान दिया गया है।
भाजपा जिलाध्यक्ष ने इस बजट को प्रदेश की समृद्धि और उन्नति के नए कीर्तिमान स्थापित करने वाला बताते हुए कहा कि यह सर्वस्पर्शी, सर्वसमावेशी और जनकल्याण को समर्पित लोकहितैषी बजट है। उन्होंने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की दूरदृष्टि की सराहना करते हुए इसे विकसित राजस्थान की दिशा में एक ठोस कदम बताया।
भाजपा कार्यकर्ताओं ने मनाया जश्न
बजट की घोषणा के बाद भाजपा संगठन की ओर से घंटाघर पर भव्य आतिशबाजी की गई। इस दौरान “भाजपा जिंदाबाद, भजनलाल जिंदाबाद” के नारों से पूरा घंटाघर गूंज उठा। भाजपा कार्यकर्ताओं और आमजन ने इस बजट का हर्षोल्लास के साथ स्वागत किया और इसे प्रदेश के स्वर्णिम भविष्य की नींव बताया।
बजट की इस ऐतिहासिक घोषणा से प्रदेश में नई ऊर्जा का संचार हुआ है और जनता में आशा की किरण जगी है।